विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा, विकासखंड सरायपाली में विविध शैक्षणिक और व्यावसायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
महोत्सव के प्रथम से तृतीय दिवस तक स्पीड रीडिंग, पुस्तक वाचन, शाला विकास प्रदर्शनी और कबाड़ से जुगाड़ विज्ञान प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित हुए। वहीं चौथे दिन विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल विकास भ्रमण पर ले जाया गया, जहां उन्होंने हथकरघा वस्त्र उद्योग, झाड़ू निर्माण और मछली जाल निर्माण का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। छात्रों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े इन कार्यों की बारीकियां समझीं और आत्मनिर्भरता की महत्ता जानी।
विद्यालय में विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया। इसमें कक्षा 6वीं से पीयूष प्रधान, कक्षा 7वीं से जिगर मिश्रा और कक्षा 8वीं से मुस्कान चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को विद्यालय परिवार और शाला विकास समिति की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षकों और छात्रों ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी वृद्धि होती है।