विकास नंद/सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे दंतेवाड़ा पहुंचे और यहां बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और शीघ्र राहत पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री साय के साथ वन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे। बाढ़ग्रस्त इलाकों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए।
सीएम साय ने कहा कि शासन की पहली प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना है। वे दंतेवाड़ा कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।