विकास नंद/ सर्वव्यापी/
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर रहे तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी लग्जरी XUV कार में गांजा परिवहन कर रहे थे।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की XUV कार (क्रमांक RJ 25 UB 0012) में तीन व्यक्ति उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए राजस्थान की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर एनएच-53 पर ग्राम गनियारीपाली स्थित सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध कार पहुंची, जिसमें तीन लोग सवार थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक शर्मा (39 वर्ष), सुरेंद्र कुमार (34 वर्ष) और महावीर सेन (35 वर्ष) सभी निवासी जिला बारा, राजस्थान के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोलमोल जवाब दिए, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। कार की डिक्की से एक प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखा गया 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 किलो गांजा (कीमत लगभग 1,80,000 रुपये), XUV कार (कीमत लगभग 5,00,000 रुपये) और 04 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 30,500 रुपये) जब्त किए।
जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 7,10,500 रुपये आंकी गई है।आरोपी गांजा को उड़ीसा के फुलवानी से बारा (राजस्थान) ले जा रहे थे। उनके खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि करार दिया है और बताया कि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है।