विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन महासमुंद ने एक संवेदनशील और अनुकरणीय पहल की है। सेवानिवृत्ति के अगले ही दिन शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन अदायगी आदेश (PPO) प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही की गई। जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, सहायक संचालक सतीश नायर और जिला कोषालय अधिकारी महासमुंद संजय कुमार चौधरी के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने PPO आदेश वितरित किए।
इस अवसर पर मुरलीधर भोई, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला खैरमाल, जिन्हें 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त किया गया, को मात्र एक दिन बाद यानी 1 सितंबर को ही अवकाश नगदीकरण की राशि, GPF फाइनल पेमेंट, GIS, FBF राशि तथा उपादान राशि के साथ PPO आदेश सौंपा गया।
इसी प्रकार चंद्रहास पात्र, प्रधान पाठक (मिडिल स्कूल) को भी PPO आदेश प्रदान किया गया।
सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार ने इस अवसर पर कहा –”शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन नई पीढ़ी को गढ़ने में समर्पित किया है। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें त्वरित सुविधा और सम्मान मिले।
“समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्रशासन की ओर से शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
इस त्वरित कार्यवाही में उप कोषालय अधिकारी सरायपाली अनिमेष सिंह तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के शाखा प्रभारी रुपेश महापात्र का विशेष योगदान रहा।
यह पहल जिले में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बन गई है।