विकास नंद/सर्वव्यापी/

दंतेवाड़ा की पूनम पटेल, जो प्रशासनिक अधिकारी बनने के सपनों को साकार करने के लिए बीते तीन वर्षों से कड़ी मेहनत कर रही हैं, हाल ही में बाढ़ से आई आपदा के कारण बड़ी मुश्किल में आ गई थीं। बाढ़ में उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया और पढ़ाई की सभी पुस्तकें तथा परीक्षा की तैयारी के लिए खरीदा गया टेबलेट भी बह गया।
इस घटना से पूनम की तैयारी अधर में लटक गई थी और वे गहरी चिंता में थीं।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दंतेवाड़ा दौरे के दौरान पूनम से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री की पहल पर जिला प्रशासन ने तुरंत पूनम को प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यक पुस्तकें और एक नया टेबलेट उपलब्ध कराया।
पूनम ने बताया कि उनके पिता संतोष पटेल किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और बड़ी मुश्किल से जोड़े गए पैसों से उन्होंने टेबलेट खरीदा था। बाढ़ में उस साधन का खो जाना उनके लिए गहरी चिंता का विषय बन गया था।
लेकिन अब मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से उन्हें फिर से पढ़ाई में जुटने का संबल मिल गया है।
अब पूनम का कहना है कि वे पूरी मेहनत और लगन से यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगी और बाढ़ जैसी आपदा भी उनके सपनों को पूरा करने में बाधा नहीं डाल पाएगी।