विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले के लिए गर्व का क्षण है कि यहां की बास्केटबॉल खिलाड़ी दिव्या रंगारी का चयन भारतीय अंडर-16 महिला राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम में किया गया है।
यह टीम 13 से 19 सितम्बर 2025 तक मलेशिया के सेरेम्बन में आयोजित होने वाले FIBA अंडर-16 वूमेंस एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 10 अगस्त से 12 सितम्बर तक चेन्नई स्थित नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें दिव्या ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी जगह पक्की की। 12 सदस्यीय भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ से केवल महासमुंद जिले की दिव्या को अवसर मिला है।
दिव्या ने इससे पहले जून 2025 में मालदीव में आयोजित अंडर-16 एशिया कप SABA क्वालिफायर चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इसी जीत के साथ भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के लिए क्वालीफाई किया था।मिनी स्टेडियम महासमुंद में नियमित अभ्यास से निखरी दिव्या की प्रतिभा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने जा रही है। उनके चयन से जिले और प्रदेश में खुशी की लहर है।
दिव्या को शुभकामनाएं देने वालों में छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों के साथ ही विधायक योगेश्वर राजू सिंहा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित सैकड़ों खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।दिव्या के पिता विनोद रंगारी और माता सपना रंगारी सहित पूरे परिवार और जिलेवासियों के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है।