तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर जिले में स्वच्छता एवं सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन ऐतिहासिक ग्राम बेलपान (तखतपुर) में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी हाथ बंटाया। मंदिर परिसर में ग्रामीणों और स्वच्छता तथा बिहान दीदियों की बैठक लेकर वर्ष 2047 में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना पर चर्चा हुई। महिलाओं को स्वास्थ्य कार्ड दिए गए और सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही मां के नाम आमला और बेल के पौधे लगाए गए। नर्मदा कुंड व परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई का संदेश दिया गया।जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद पंचायत तखतपुर अध्यक्ष डॉक्टर माधवी वस्त्रकार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम अरुण खलखो सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रथम कार्यकाल (2014) से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान अब संपूर्ण पर्यावरणीय स्वच्छता तक पहुँच चुका है। शुरुआत में लोग हिचकिचाए लेकिन अब इसे आदत बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक समृद्ध छत्तीसगढ़ तभी बनेगा जब स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाया जाएगा।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का काम नहीं बल्कि जीवन भर की आदत होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सड़क पर मवेशी बैठने से लेकर गांव में कचरे की समस्या तक का समाधान सामूहिक जिम्मेदारी से हो सकता है। ग्रामीणों ने सहमति जताई कि वे स्वच्छता दीदियों को सेवा शुल्क देंगे।
कलेक्टर ने दीदियों को बीमारी हटाने वाली मानते हुए उनकी सराहना की और ग्रामीणों से शराब व नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे पर खर्च होने वाला पैसा बच्चों की पढ़ाई और इलाज में लगना चाहिए। सीपत की महिलाओं की तरह बेलपान की महिलाएं भी नशा मुक्ति का अभियान छेड़ें।उन्होंने बच्चों को स्कूल व आंगनबाड़ी में नियमित भेजने, स्वास्थ्य केंद्रों में जांच कराने और स्वस्थ नारी-स्वस्थ परिवार योजना का लाभ लेने की सलाह दी। अंत में उन्होंने बिहार समूह की महिलाओं और कृषि सखियों से बातचीत कर उनके कामकाज की जानकारी ली।