तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा हाल ही में जारी मंत्रालय प्रवेश पत्र (आईडी कार्ड) में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जारी किए गए नए आईडी कार्डों में “महानदी भवन मंत्रालय” का उल्लेख ही नहीं किया गया है, जिससे मंत्रालय महानदी भवन में पदस्थ कर्मचारियों में जबरदस्त नाराजगी फैल गई है।छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने आईडी कार्ड सामान्य प्रशासन विभाग को वापस करें और सही विवरण के साथ नए कार्ड बनवाएं।संघ ने इस विषय पर विभागीय सचिव को कई बार ज्ञापन सौंपकर त्रुटि सुधार की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।पूर्व में जारी आईडी कार्डों में “महानदी भवन मंत्रालय” स्पष्ट रूप से अंकित होता था, किंतु इस बार ऑनलाइन तैयार हो रहे प्रवेश पास में उक्त विवरण नदारद है।संघ का कहना है कि यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि मंत्रालयीन कर्मचारियों की पहचान और गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला भी है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलनात्मक रुख अपनाने को मजबूर होंगे।


