विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज संविधान दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य जगमोती भोई, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजन से हुई। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। सभा कक्ष में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ कर संकल्प लिया कि वे संविधान में निहित मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को सामाजिक जीवन में धारण करेंगे। समारोह में संविधान दिवस पर आधारित विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, डॉ. अम्बेडकर सहित अन्य महान विभूतियों की भूमिका और भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली की विशेषताओं को दर्शाया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह देश की सामाजिक विविधता को एक सूत्र में पिरोता है और नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करता है और इसकी मूल भावना को व्यवहार में उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है।कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि लोकतंत्र का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा को संविधान की मूल भावना बताया। जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की रीढ़ है और यह समान न्याय की गारंटी देता है। उन्होंने युवाओं को संविधान के अध्ययन और उसके अनुकरण के लिए प्रेरित किया।समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके अलावा जिले के सभी ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों और शासकीय कार्यालयों में भी संविधान का पालन करने का संकल्प लिया गया।


