विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 दिसंबर को धान खरीदी केंद्र मोंगरापाली एवं गांजर तथा 11 दिसंबर को केवां धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान तीनों केंद्रों में गंभीर अव्यवस्था सामने आई। धान की स्टेकिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। साथ ही नए एवं पुराने बारदानों पर समिति का मार्का एवं स्टेंसिल सही ढंग से अंकित नहीं था। मिलर द्वारा प्रदाय किए गए बारदानों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मोंगरापाली के प्राधिकृत अधिकारी गुलशन बघेल, समिति गांजर के प्राधिकृत अधिकारी पुनितराम सिन्हा तथा समिति रिसीकेला के प्राधिकृत अधिकारी नेपाल साहू को उनके पद से पृथक कर दिया गया है।कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी धान खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। धान की स्टेकिंग, बारदानों की गुणवत्ता एवं मार्किंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।