जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सुनीं जनसमस्याएं … 64 आवेदनों पर त्वरित निराकरण के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जन चौपाल में कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों के शीघ्र और प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।जन चौपाल के दौरान ग्राम बोईरडीह, पिथौरा निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग बलराम कुमार द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग की गई। कलेक्टर के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। कलेक्टर के हाथों ट्राइसाइकिल प्राप्त कर बलराम कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।इसके अलावा ग्राम खट्टी, महासमुंद निवासी राम भरोसा साहू ने पुत्रों से भरण-पोषण राशि दिलाने संबंधी आवेदन दिया। ग्राम फुलवारी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत रखी। ग्राम चारभांठा, बागबाहरा निवासी रत्नाकर मेहर ने विकलांग पेंशन, महासमुंद निवासी नेहा सोनवानी ने जाति प्रमाण पत्र, ग्राम अजगरख़ार, बसना निवासी चरण सिंह चौहान ने ऋण संबंधी समस्या तथा ग्राम खल्लारी, महासमुंद निवासी कांतिबाई यादव ने कोरोना काल में मृत्यु पर मुआवजा राशि दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।जन चौपाल में भौतिक सत्यापन, पट्टा नवीनीकरण, धान विक्रय में आ रही समस्याएं, गिरदावरी, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा लंबित भुगतान से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!