विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर तहसीलदार के नेतृत्व में विकासखण्ड स्तरीय टीम द्वारा 12 दिसम्बर 2025 को धान खरीदी केन्द्र तोषगांव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। धान की स्टैकिंग सुव्यवस्थित नहीं थी तथा बारदानों में भरे धान के वजन में भी अंतर पाया गया।इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तोषगांव के प्राधिकृत अधिकारी विजय प्रधान को उनके पद से पृथक करने की कार्रवाई की गई। वहीं, धान खरीदी प्रभारी एवं समिति प्रबंधक नकुल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।निलंबन अवधि के दौरान नकुल साहू को कर्मचारी सेवा नियम 2018 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही उनका मुख्यालय जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर (छत्तीसगढ़) की शाखा तोरेसिंहा निर्धारित किया गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।