नेवता भोज से मजबूत हुई सामुदायिक सहभागिता, अधिकारियों ने बच्चों संग किया मध्यान्ह भोजन।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

विकासखण्ड बागबाहरा अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोहगांव में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत अतिरिक्त पोषण और सामुदायिक सहयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम बागबाहरा नमिता मारकोले ने बच्चों को नेवता भोज कराया। साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के पश्चात विकासखण्ड के आला अधिकारी विद्यालय पहुंचे और बच्चों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। अधिकारियों की उपस्थिति से बच्चे उत्साहित नजर आए और विद्यालय परिसर में उत्सवपूर्ण माहौल रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम नमिता मारकोले ने कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की जिम्मेदारी हम सभी की है। मध्यान्ह भोजन योजना बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है। नेवता भोज जैसे आयोजनों से बच्चों को यह संदेश मिलता है कि प्रशासन और समाज उनके साथ हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।जनपद पंचायत सीईओ मंडावी ने कहा कि शिक्षा और पोषण का संतुलन बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब समाज की सक्रिय सहभागिता हो। नेवता भोज सामुदायिक सहयोग का सशक्त उदाहरण है, जिससे बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित होती है। तहसीलदार नितिन ठाकुर ने बच्चों को आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर सीएमओ गिरीश चंद्रा, कोमाखान तहसीलदार हरीश ध्रुव, सीडीपीओ मनीषा साहू, बीएमओ बी.एस. बढ़ई, एबीईओ रामता मन्नाडे, बीआरसी भुपेश्वरी साहू, पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर साहू, विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र चंद्राकर सहित संकुल समन्वयक, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!