विकास नंद/ सर्वव्यापी/
उत्तर भारत में यमुना एक्सप्रेसवे, लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे एवं दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसों में कई लोगों की जान जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा राज्यभर के लिए विशेष सड़क सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है। इस एडवाइजरी के तहत महासमुंद जिले में भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।एडवाइजरी में जिले के समस्त यात्री बस संचालकों एवं व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की गई है कि घने कोहरे में वाहन चलाना अत्यंत जोखिमपूर्ण होता है। कोहरे में वाहन चलाना आंखों पर पट्टी बांधकर गाड़ी चलाने के समान है, इसलिए विशेष सावधानी अनिवार्य है। निर्देशों के अनुसार वाहन चलाते समय गति कम रखें तथा हेडलाइट हमेशा चालू रखें। हेडलाइट को लो-बीम मोड पर ही रखें, क्योंकि हाई-बीम से दृश्यता और कम हो जाती है। जिन वाहनों में फॉग लैंप उपलब्ध हैं, उनका अनिवार्य रूप से उपयोग करें।एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि कोहरे में केवल स्वयं को दिखाई देना ही नहीं, बल्कि दूसरों को दिखाई देना भी उतना ही जरूरी है। इस दौरान डिफॉस्टर एवं विंडस्क्रीन वाइपर का उपयोग करें, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा लेन अनुशासन का पालन करते हुए ओवरटेक करने से बचें। यदि परिस्थितियां अत्यधिक प्रतिकूल हों और वाहन चलाना सुरक्षित न हो, तो सड़क किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा कर इंडिकेटर लाइट चालू रखें।जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग महासमुंद ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके और जन-जीवन सुरक्षित बना रहे।