विकास की सड़क पर महासमुंद एकजुट — भाजपा सांसद व कांग्रेस विधायक ने मिलकर किया 10 सड़कों, 2 वृहद पुल और सड़क नवीनीकरण कार्य का भूमिपूजन।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना (वर्ष 2025-26) के तहत महासमुंद जिले को बड़ी विकास सौगात मिली है। जिले में 10 सीसी सड़क सह नाली निर्माण, 2 वृहद पुल तथा 1 बीटी सड़क नवीनीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन ग्राम बिरकोनी में सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा सरायपाली विधायक चातुरी नंद के करकमलों से भूमिपूजन किया गया। अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों द्वारा एक मंच पर विकास कार्यों का शुभारंभ क्षेत्र में सकारात्मक राजनीतिक संदेश और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।योजना के तहत जिले में कुल 10 सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 2.971 किलोमीटर है। इनमें ग्राम चारभाठा, गोहेरापाली, भुथिया, जोगनीपाली, धुमाभाठा, अरेकेल, पेण्ड्रावन, छुईहा एवं बिरकोनी सहित विभिन्न ग्रामों में सड़क एवं नाली निर्माण शामिल है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।इसके साथ ही दो उच्च स्तरीय वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा। पहला पुल ग्राम केरामुंडा से पथरी सड़क पर (आर.डी. 2750 मीटर) 63.57 मीटर लंबाई का तथा दूसरा पुल ग्राम धवराभाठा से कुरूभाठा सड़क पर (आर.डी. 2390 मीटर) 121.46 मीटर लंबाई का होगा।इसके अलावा ग्राम बकमा से कसेकेरा मार्ग पर 13.52 किलोमीटर लंबाई के बीटी सड़क नवीनीकरण कार्य को भी स्वीकृति मिली है, जिसकी लागत ₹282.42 लाख है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होता है, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होती है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलती है। वहीं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं विधायक चातुरी नंद ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी देते हुए शासन की मंशा को जनहितैषी बताया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिरकोनी के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।विकास कार्यों के भूमिपूजन के साथ महासमुंद जिले ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जब जनप्रतिनिधि एकजुट होते हैं, तब विकास की रफ्तार और तेज हो जाती है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!