तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

बिलासपुर संभाग अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिले के वन परिक्षेत्र गौरेला के अधिकारियों को लेकर प्रकाशित समाचारों पर वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित संवाददाता को नोटिस जारी किया है। वन परिक्षेत्राधिकारी गौरेला द्वारा जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि समाचार पोर्टल पर तथ्यहीन एवं भ्रामक समाचार प्रकाशित कर विभाग और अधिकारियों की छवि धूमिल की गई है।पत्र के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया/समाचार पोर्टल पर प्रकाशित खबर में यह उल्लेख किया गया कि विभागीय अधिकारी बाॅबी शर्मा को संरक्षण दे रहे हैं, बिना अनुमति विभागीय परिसरों में प्रवेश कराया गया तथा डीएफओ मरवाही के चेंबर में भी प्रवेश का दावा किया गया। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि बाॅबी शर्मा ने अपनी पत्नी के नाम फर्म बनाकर सामग्री प्रदाय का टेंडर लिया है।वन विभाग ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि संबंधित फर्म से सामग्री की खरीदी नियमानुसार, गुणवत्ता परीक्षण के बाद की गई है और अब तक उस फर्म के विरुद्ध कोई लिखित शिकायत विभाग को प्राप्त नहीं हुई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में बाॅबी शर्मा द्वारा विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं की जा रही है और न ही कोई गैरकानूनी कार्य कराया गया है।विभाग ने समाचार में लगाए गए आरोपों को द्वेष भावना से प्रेरित बताते हुए कहा है कि इससे वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छवि को नुकसान पहुंचा है। पत्र में संवाददाता से अपेक्षा की गई है कि वे अपने समाचार में लिखे गए तथ्यों के प्रमाण सहित दस्तावेज तीन दिवस के भीतर इस कार्यालय में प्रस्तुत करें।वन परिक्षेत्राधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा में प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए गए, तो संबंधित के विरुद्ध एकतरफा उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं संवाददाता की होगी।इस नोटिस की प्रतिलिपि वनमंडलाधिकारी मरवाही तथा उपवनमंडलाधिकारी गौरेला को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।पत्र ने एक बार फिर खोजी पत्रकारिता और प्रशासनिक जवाबदेही के बीच टकराव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। मजे कि बात तो यह है कि वन विभाग के होनहार अधिकारी संबंधित संवाददाता किस अखबार या वेबपोर्टल के संवाददाता है और उसका पूरे पते का उल्लेख भी नहीं किया गया है। जिससे यह नोटिस केवल रस्म अदायगी करने का प्रतीक नजर आ रही है।