विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों से अयोध्या धाम स्थित श्रीरामलला के दर्शन हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं का आज श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभ प्रस्थान हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के ऊपर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया तथा कुल 30 श्रद्धालुओं को ध्वज दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया।प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से प्रदेश के भाई-बहनों को बारी-बारी से तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है। इस योजना के माध्यम से आमजन को धार्मिक स्थलों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे लोगों में आस्था और सांस्कृतिक चेतना का संचार हो रहा है।इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया एवं जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर ने ध्वज दिखाकर श्रद्धालुओं को रवाना किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य तथा जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।अयोध्या धाम श्रीरामलला के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस धार्मिक एवं जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।