तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर प्रेस क्लब चुनाव 2025 को लेकर शहर का पत्रकार जगत पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। यह चुनाव सिर्फ संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रेस क्लब के भविष्य, उसकी दिशा और गरिमा से जुड़ा अहम पड़ाव माना जा रहा है। लगभग ढाई महीने के अंतराल के बाद पहली बार यह चुनाव सरकारी निगरानी में संपन्न हो रहा है, जिससे इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।इस बार चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। आशीर्वाद पैनल, विकास पैनल और पहली बार मैदान में उतरा विकल्प पैनल पूरे दमखम के साथ अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सहसचिव और कार्यकारिणी सदस्य तक सभी पदों पर तीनों पैनलों ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।अब मतदान में 24 घंटे से भी कम समय बचा है। 28 दिसंबर को शहर के प्रमुख राघवेंद्र राव सभा भवन में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इस दौरान 400 से अधिक पत्रकार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान समाप्त होते ही आधे घंटे के भीतर मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।बीते एक सप्ताह से चुनावी गतिविधियां चरम पर रहीं। बैठकों, संपर्क अभियानों और व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर लगातार चलता रहा। दिलचस्प बात यह रही कि अब तक केवल विकल्प पैनल ने ही अपना घोषणा पत्र सार्वजनिक किया है, जबकि आशीर्वाद और विकास पैनल के घोषणा पत्र को लेकर पत्रकारों में इंतजार और जिज्ञासा बनी हुई है।चुनावी माहौल के बावजूद किसी बड़े मुद्दे का स्पष्ट रूप से उभरकर सामने न आना भी चर्चा का विषय रहा। प्रचार के अधिकतर हिस्से में आरोप-प्रत्यारोप और आपसी बयानबाजी ही केंद्र में रही। वहीं, कई मतदाता यह सवाल उठाते नजर आए कि प्रेस क्लब की गरिमा, स्वतंत्रता और भविष्य की ठोस रूपरेखा आखिर कौन सा पैनल प्रस्तुत कर पाएगा।चुनाव प्रचार के दौरान बैठकों और दावतों का सिलसिला जरूर चला, लेकिन पत्रकारों से जुड़े बुनियादी सवाल जैसे कामकाजी पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधाएं, पारदर्शी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सहयोग और आपात सहायता इन पर गंभीर और स्पष्ट विमर्श की कमी महसूस की गई।अब सारी निगाहें 28 दिसंबर पर टिकी हैं। मतदान और मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि बिलासपुर प्रेस क्लब की कमान किस पैनल के हाथों में जाती है और आने वाले समय में संगठन किस दिशा में आगे बढ़ेगा।