विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में कुपोषण की स्थिति पर गहन चर्चा की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेंद्र जाटवर सहित समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक में कुपोषण स्तर की समीक्षा के उपरांत बच्चों के नियमित वजन मापन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से गृहभेंट कर परिवार के सदस्यों को कुपोषित बच्चों के उचित पालन-पोषण, देखभाल एवं पोषण आहार की आवश्यक जानकारी दें, ताकि जिले में कुपोषण स्तर में प्रभावी कमी लाई जा सके।किशोरी बालिकाओं को आयरन फोलिक टैबलेट तथा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को टीएचआर का शत-प्रतिशत नियमित वितरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, बिजली एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर शीघ्र शत-प्रतिशत नियुक्ति करने तथा प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत एवं नवीन भवन स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने पर आवश्यक सहयोग देने की बात कही गई। अंत में विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।