सड़क सुरक्षा माह के तहत बसों में अग्निशमन यंत्र व सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। बीते कुछ समय में विभिन्न स्थानों पर, विशेषकर पर्यटक परमिट पर संचालित यात्री बसों से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जिनमें जान-माल की भारी क्षति हुई है।इसी को ध्यान में रखते हुए खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट पर यात्री बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपायों की विशेष जांच की जा रही है। इस दौरान बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों, प्राथमिक उपचार पेटी तथा आपातकालीन दरवाजों की गहनता से जांच की गई। अग्निशमन यंत्रों की वैधता एवं कार्यशीलता परखने के साथ-साथ चालकों एवं परिचालकों को आपातकालीन दरवाजों के सही उपयोग की जानकारी दी गई और उनसे स्वयं खोलकर दिखवाया गया।इसके अलावा बसों में रखी प्राथमिक उपचार पेटी एवं उसमें उपलब्ध चिकित्सा सामग्री की भी जांच की गई। चेकपोस्ट से गुजरने वाले सभी वाहनों के चालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया। चालकों से अपील की गई कि वे स्वयं निर्धारित गति का पालन करें और अन्य साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।जांच के दौरान निर्धारित मानकों को पूरा न करने एवं सुरक्षा उपायों में खामियां पाए जाने पर लगभग 30 बसों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरे माह लगातार जारी रहेगा। सभी वाहन चालकों एवं बस संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी बसों में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा आपातकालीन दरवाजों को दुरुस्त कराएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!