दिव्यांगता से आत्मनिर्भरता तक: कु. तेजस्वी साहू बनीं साहस और संकल्प की मिसाल।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मचेवा की 24 वर्षीय कु. तेजस्वी साहू ने गंभीर शारीरिक अक्षमता के बावजूद आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। 90 प्रतिशत अस्थिबाधित कु. तेजस्वी साहू वर्ष 2020 में एक भीषण दुर्घटना का शिकार हुई थीं, जिसमें उनकी स्पाइनल कॉर्ड को गंभीर चोट पहुंची। इस दुर्घटना के बाद उनके शरीर का निचला हिस्सा लगभग पूर्णतः पैरालिसिस हो गया, वहीं दाहिना हाथ भी कार्य करने में असमर्थ हो गया।लंबे समय तक चले उपचार और ऑपरेशनों के बाद वे बैठने की स्थिति में तो आ सकीं, लेकिन चलना-फिरना, आवागमन और रोजगार उनके लिए अत्यंत कठिन हो गया था। सीमित संसाधनों और शारीरिक अक्षमता के कारण उनका आत्मविश्वास भी प्रभावित होने लगा था।उनकी स्थिति समाज कल्याण विभाग के संज्ञान में आने के बाद जीवन में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हुई। उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने स्वयं उनके घर पहुंचकर उनकी वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं को समझा तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके परिणामस्वरूप कु. तेजस्वी साहू को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे अब वे अपने दैनिक कार्य स्वयं कर पा रही हैं और उनकी आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।इसके अतिरिक्त, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बहु दिव्यांग विशेष विद्यालय, महासमुंद में उन्हें अंशकालीन शिक्षक के रूप में सेवा का अवसर भी प्रदान किया गया। इस पहल से उन्हें न केवल सम्मानजनक रोजगार मिला, बल्कि समाज में अपनी पहचान और आत्मविश्वास भी सुदृढ़ हुआ।आज कु. तेजस्वी साहू पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन जी रही हैं और अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके सहयोग से उन्हें आवागमन का साधन, आर्थिक सहायता और रोजगार मिला, जिससे उनके जीवन को एक नई दिशा प्राप्त हुई।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!