विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में धान खरीदी के अंतिम चरण के बावजूद अवैध धान परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियां सामने आ रही हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों पर लगातार सघन और सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीती रात एवं आज विभिन्न तहसीलों में मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में कुल 772 कट्टा धान जब्त किया गया।पिथौरा विकासखंड के अंतर्गत रजपालपुर एवं झारमुड़ा के समीप अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 100 बोरे धान को पकड़कर मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम भुरकोनी में लखन डडसेना के निवास पर 250 बोरी धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर राजस्व विभाग एवं मंडी विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया गया।इसी प्रकार बसना विकासखंड क्षेत्र में अवैध धान परिवहन के एक अन्य प्रकरण में लगभग 200 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम पोटापारा में 86 पैकेट अवैध धान पाए जाने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।सरायपाली विकासखंड में ओडिशा से आ रहे दो पिकअप वाहनों को जगलबेड़ा–गोहेरा पाली मोड़ पर रोककर जांच की गई, जहां लगभग 136 पैकेट धान अवैध रूप से परिवहन करते पाए गए। मंडी सचिव, मंडी कर्मचारियों एवं नाका कर्मचारियों द्वारा उक्त धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तथा आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।