विकास नंद/ सर्वव्यापी/
ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाघामुड़ा के समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव पर धान खरीदी में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर कोमाखान थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर की गई।अधिकारियों द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण एवं जांच प्रतिवेदन के अनुसार धान उपार्जन केन्द्र बाघामुड़ा के ऑनलाइन रिकॉर्ड में 1,25,878 कट्टा धान उपलब्ध होना दर्शाया गया था, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान मौके पर मात्र 1,22,574 कट्टा धान पाया गया। इस प्रकार ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 3304 कट्टा धान की कमी पाई गई।जांच में यह भी सामने आया कि 3304 कट्टा (1321.6 क्विंटल) धान की कमी का समर्थन मूल्य लगभग 40 लाख 96 हजार 960 रुपये है, जिससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंची है। डिप्टी कलेक्टर द्वारा की गई जांच में समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव एवं अन्य सहकर्मियों की उपस्थिति में धान फड़ के प्रत्येक स्टेक की गिनती की गई, जिसमें कुल 74 स्टेक पाए गए।जांच निष्कर्षों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि समिति प्रभारी द्वारा जानबूझकर वित्तीय अनियमितता कर शासन को नुकसान पहुंचाया गया। उक्त मामले में शनिवार को कोमाखान थाना में एफआईआर दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।कलेक्टर के निर्देशानुसार धान खरीदी में अनियमितता के मामलों पर प्रशासन द्वारा सतत और कड़ी कार्रवाई जारी है।