विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया ने विकसित भारत–2047 की संकल्पना को साकार करने की दिशा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का लाइव प्रसारण सरायपाली विधानसभा के ग्राम गनियारीपाली में श्रवण किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने बजट भाषण को ध्यानपूर्वक सुना और सरकार की नीतियों पर चर्चा की। बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखे जाने पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सरला कोसरिया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की स्पष्ट दिशा दिखाता है।सरला कोसरिया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का यह बजट आमजन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है, जिससे देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बजट का स्वागत करते हुए इसे देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया।