विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 के पावन अवसर पर प्रति दिवस महानदी तट पर सायं 7:30 बजे दिव्य महानदी आरती का आयोजन किया गया। महोत्सव के अंतिम दिवस इस आध्यात्मिक आयोजन में समापन अवसर की मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी परिवार सहित शामिल हुईं।इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू, आनंद साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ओ.पी. चौधरी, सिरपुर गंधेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के दाऊ लाल चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलन किया तथा श्रद्धा भाव से महानदी आरती संपन्न की। आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि एवं मधुर भक्ति संगीत से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। महानदी के पावन तट पर प्रज्ज्वलित सैकड़ों दीपों की आलोकित आभा, जल तरंगों पर झिलमिलाती रोशनी और सामूहिक आरती का दिव्य दृश्य उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर गया।पूरे आयोजन के दौरान वातावरण श्रद्धा, भक्ति और शांति से परिपूर्ण रहा, जिसने सिरपुर महोत्सव को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।