विकास नंद/ सर्वव्यापी/
थाना सिंघोड़ा पुलिस ने धान चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 60 बोरी धान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।मामले की जानकारी के अनुसार ग्राम खरखरी निवासी प्रेमलाल प्रधान ने थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके परशु राइस मिल से लगे गोदाम में 60 बोरी धान (प्रत्येक बोरी 40 किलोग्राम) रखा हुआ था, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये थी। 7 मार्च की रात गोदाम में ताला लगाकर घर चले जाने के बाद 8 मार्च की सुबह जब वे वापस पहुंचे तो गोदाम का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा धान गायब था।रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम लाती निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में बिन्दुसागर मोंगरे (20 वर्ष) पिता सोनूलाल मोंगरे और मनमोहन सारथी (19 वर्ष) पिता हरिदयाल सारथी शामिल हैं। दोनों के कब्जे से 60 बोरी धान (कुल 24 क्विंटल) जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है, तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HD 3151) भी जब्त की गई है।पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।