विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।जन चौपाल के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों से जुड़े आवेदनों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न जनसमस्याओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी मांगें शामिल रहीं।बैठक में ग्राम खम्हरिया (बागबाहरा) निवासी रुखमणी सिन्हा ने अपने पुत्र को तेंदूपत्ता मेधावी विद्यार्थी योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम छोटेलोरम में मोबाइल टावर स्थापित करने, ग्राम सावित्रिपुर निवासी अलेखराम खूंटे द्वारा वन अधिकार पत्र संबंधी आवेदन, ग्राम लाखागढ़ से सवैयाकला तक सड़क मार्ग निर्माण, तथा ग्राम सवैयाकला निवासी घाँसीराम देवांगन ने हाट बाजार में नया चबूतरा निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा बेमचा निवासी रूपराय निषाद ने पेंशन स्वीकृति के लिए आवेदन दिया।जन चौपाल में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन तथा लंबित भुगतान से संबंधित भी कई आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों पर शीघ्र कार्रवाई कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।