विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देशों के पालन में कलेक्टर विनय लंगेह ने अधिकारियों को गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर ने कहा कि जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ नियमित बैठक लेकर घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता और दैनिक मांग की समीक्षा की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अन्य प्रकार के दुरुपयोग को रोकने के लिए राजस्व विभाग, खाद्य विभाग तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर समय-समय पर जांच की जाए।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या किसी प्रकार का दुरुपयोग पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति के संबंध में समय-समय पर मीडिया के माध्यम से नागरिकों को जानकारी दी जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक सही सूचना पहुंचे और किसी प्रकार की भ्रांति न फैले।खाद्य विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी कहा गया है।