पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी: महासमुंद जिले के 1.26 लाख से अधिक किसानों के खाते में पहुँचे 25.68 करोड़ रुपए।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम की राजधानी गुवाहाटी से जारी की गई। इस अवसर पर देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,640 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई।महासमुंद जिले में इस योजना के तहत 1 लाख 26 हजार 342 किसानों के खातों में कुल 25.68 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विकास, किसान कल्याण एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग महासमुंद तथा कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर परिसर में आयोजित किया गया।कार्यक्रम में जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, ग्राम पंचायत शेर के सरपंच हरेन्द्र साहू तथा ग्राम पंचायत मोरधा की सरपंच चंपेश्वरी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर विनय लंगेह, उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप, सहायक संचालक कृषि परमजीत कंवर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.एल. शर्मा सहित वैज्ञानिकों की टीम मौजूद रही।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया तथा किसानों को पपीते की उन्नत खेती, मृदा स्वास्थ्य सुधार के लिए केंचुआ खाद उत्पादन तकनीक, उन्नत सस्य तकनीक, मशरूम उत्पादन, कृषि जैव विविधता संरक्षण, रबी फसलों में कीट नियंत्रण, सॉइल हेल्थ कार्ड, फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक खाद प्रबंधन तथा दलहन, तिलहन एवं लघु धान्य फसलों को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी दी गई।इस दौरान उपस्थित किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं और आधुनिक खेती की तकनीकों पर प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में भी पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रत्येक चार माह में 2,000 रुपए तथा वर्ष में कुल 6,000 रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है, जिससे किसान बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदान सामग्री की व्यवस्था कर सकें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!