विकास नंद/ सर्वव्यापी/
न्यायालय परिसर सरायपाली में 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से लंबित प्रकरणों का सरल, सुलभ और त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे लोगों को न्यायालयीन प्रक्रिया से शीघ्र राहत मिल सकेगी।
लोक अदालत में न्यायालय से संबंधित प्रकरणों के अलावा राजस्व विभाग, नगर पालिका/नगर पंचायत, विद्युत विभाग, बैंक, बीमा कंपनियां, परिवहन विभाग, दूरसंचार विभाग, जल संसाधन विभाग, वन विभाग, श्रम विभाग, नगर एवं ग्राम निवेश, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य शासकीय विभागों के प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोक अदालत के दिन न्यायालय परिसर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जिसमें पात्र वंचित हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित प्रकरणों और समस्याओं का आपसी सहमति से निराकरण कराएं तथा इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।इस संबंध में जानकारी खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी सह मीडिया प्रभारी टी.आर. धृतलहरे ने दी।