विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 2.35 करोड़ रुपये की अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मुख्य सरगना बलराम सैनी उर्फ बल्लू को तेलंगाना के सिकंदराबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से हरियाणा तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था और घटना के दौरान व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से तस्करों को लगातार रूट की जानकारी दे रहा था।यह कार्रवाई थाना बसना के अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत की गई। मामले में पहले 30 मार्च 2026 को पलसापाली नाका पर नाकेबंदी के दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन से 454.890 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.27 करोड़ रुपये आंकी गई थी। मौके से वाहन चालक एवं तस्करी में शामिल इमरान को गिरफ्तार किया गया था।पुलिस जांच के दौरान आरोपी इमरान के मेमोरेंडम, साइबर सेल की जांच तथा व्हाट्सएप एलएलसी से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी एड्रेस और लोकेशन विश्लेषण के आधार पर इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड के रूप में बलराम सैनी की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि घटना के समय वह लगातार व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए वाहन चालक को सुरक्षित रूट की जानकारी दे रहा था।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के फूलबानी क्षेत्र से गांजा मंगवाकर हरियाणा के चरखी दादरी, पिलानी तथा अन्य स्थानों पर सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के सोर्स से लेकर रिसीवर तक जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलराम सैनी आदतन अपराधी है और वर्ष 2019 में भी गांजा तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है।आरोपी के कब्जे से तस्करी एवं नेटवर्क संचालन में प्रयुक्त दो स्मार्टफोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। इससे पूर्व 454.890 किलोग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया जा चुका है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 35 लाख रुपये बताई गई है।महासमुंद पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “सोर्स से डेस्टिनेशन तक” कार्रवाई जारी रहेगी और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।