तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
सुरभि गोधाम योजना के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के एक हल्के-फुल्के लेकिन राजनीतिक मायने वाले बयान ने बिलासपुर की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल के कामकाज की खुलकर सराहना करते हुए चुटकी भरे अंदाज में ऐसा इशारा कर दिया, जिसे राजनीतिक गलियारों में बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।मंत्री नेताम ने मंच से कलेक्टर संजय अग्रवाल के कार्यों को बेहतर बताते हुए उनकी प्रशंसा की। साथ ही मजाकिया लहजे में ऐसा टिप्पणी कर दी, जिससे यह चर्चा शुरू हो गई कि कहीं बिलासपुर शहर की मौजूदा विधायक सीट पर बदलाव की भूमिका तो नहीं बन रही।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंत्री की इस टिप्पणी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। बिलासपुर शहर से वर्तमान में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल विधायक हैं, जो लंबे समय से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। ऐसे में मंत्री द्वारा कलेक्टर की तारीफ और इशारों ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।चर्चा यह भी शुरू हो गई है कि क्या आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा कोई बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है? क्या पार्टी बिलासपुर शहर सीट से नया चेहरा उतारने पर विचार कर सकती है? और क्या प्रमोटी आईएएस अधिकारी व वर्तमान बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को भविष्य में राजनीतिक मैदान में उतारने की रणनीति बन रही है?हालांकि भाजपा की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मंत्री के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।अब देखना दिलचस्प होगा कि यह केवल मंचीय चुटकी थी या फिर आने वाले चुनावी समीकरणों का कोई शुरुआती संकेत। फिलहाल बिलासपुर की सियासत में इस बयान ने नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।