सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में जल्द शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण अभियान..14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगाया जाएगा एचपीवी वैक्सीन।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिला महासमुंद में जल्द ही एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला महासमुंद डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। अभियान के तहत जिले में लगभग 11 हजार से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी और सुरक्षित टीका है, जो बालिकाओं को भविष्य में होने वाले इस गंभीर रोग से सुरक्षा प्रदान करता है। टीकाकरण के लिए बालिकाओं की आयु का निर्धारण आधार कार्ड के आधार पर किया जाएगा तथा उन्हें 0.5 एमएल की सिंगल डोज दी जाएगी।अभियान के दौरान टीकाकरण कार्य चिन्हित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों एवं विद्यालयों में चिकित्सकों की उपस्थिति में किया जाएगा। टीकाकरण के बाद बालिकाओं को कुछ समय तक स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में रखा जाएगा तथा सामान्य स्थिति होने पर टीकाकरण कार्ड प्रदान किया जाएगा।अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आदिवासी एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस दौरान विद्यालयों के माध्यम से बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के संबंध में जानकारी देकर उनकी सहमति प्राप्त की जाएगी।सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14–15 वर्ष की बालिकाओं को इस टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!