विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को पूरी गंभीरता और प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने मूलभूत कार्यों को गंभीरता से पूरा करें और लोकहित तथा आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें। बैठक में अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अक्षा गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे, जबकि विकासखंड अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी शासन की कल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित करें, ताकि लक्षित वर्गों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, वन अधिकार पत्र, भू-अर्जन, राजस्व वसूली सहित ग्रामीणों से जुड़े विभिन्न राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निराकरण हो चुका है, उन्हें व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड रूम में जमा किया जाए। साथ ही सभी तहसीलों में मॉडल रिकॉर्ड रूम विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि अभिलेखों का सुरक्षित और व्यवस्थित संधारण हो सके।कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण किया जाए तथा राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।
बैठक में विवादित एवं अविवादित नामांतरण, बंटवारा, बंदोबस्त, त्रुटि सुधार, डायवर्सन, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।