ट्रक चालक-परिचालक ने की अमानत में खयानत, 30 मीट्रिक टन दाल-शक्कर जब्त… पढ़ें पूरी खबर।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

रायपुर से झारखंड के चाईबासा के लिए दाल और शक्कर लेकर निकले ट्रक के चालक और परिचालक ने रास्ते में ही नीयत बदल ली और पूरा सामान छिपाकर फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने पर कोमाखान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में दाल-शक्कर बरामद कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गौतम चंद सेठिया (62 वर्ष) निवासी गुढ़ियारी रायपुर ने थाना कोमाखान में शिकायत दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 को लगभग 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये है, को ट्रक क्रमांक CG 04 ME 8671 में लोड कर मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के माध्यम से चाईबासा (झारखंड) भेजा गया था। ट्रक को चालक झनक नायक निवासी बसना तथा परिचालक संतोष आदिवासी निवासी बरोदिया (मध्यप्रदेश) लेकर निकले थे।निर्धारित समय पर सामान गंतव्य तक नहीं पहुंचा और चालक-परिचालक का मोबाइल भी बंद हो गया। बाद में खाली ट्रक ग्राम सिघोड़ा के पास खड़ा मिला। इस पर प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 316(3), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस जांच के दौरान आरोपियों की पतासाजी कर 16 मार्च को उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम पटपरपाली एनएच-353 स्थित एक मकान में दाल और शक्कर छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छिपाकर रखा गया पूरा सामान बरामद कर लिया।कार्रवाई में 420 प्लास्टिक बोरी शक्कर (200 क्विंटल) सहित विभिन्न प्रकार की दालें — राहर, मसूर, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द, चना और तुअर दाल सहित कुल 30 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामान की कीमत करीब 16.50 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 36 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपीझनक नायक (37 वर्ष), निवासी नायकपारा बसना, जिला महासमुंद।संतोष आदिवासी (50 वर्ष), निवासी बरोदिया थाना मलथौन, जिला सागर (मध्यप्रदेश)।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!