महासमुंद में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू…14–15 वर्ष की 11 हजार किशोरी बालिकाओं को लगेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में की गई। इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 11 हजार किशोरी बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम से दूर रहते हुए अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविन्द गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। जिले में लगभग 11 हजार से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित सुरक्षित टीका है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी माना जाता है। टीकाकरण के दौरान बालिकाओं की आयु का सत्यापन आधार कार्ड के आधार पर किया जाएगा तथा उन्हें 0.5 एमएल की सिंगल डोज दी जाएगी।टीकाकरण के दौरान बालिकाओं को टीका लगाने के बाद 30 मिनट तक स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में रखा जाएगा। सामान्य स्थिति होने पर उन्हें टीकाकरण कार्ड भी प्रदान किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार की गई है। विद्यालयों के माध्यम से बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के संबंध में जानकारी देकर उनकी सहमति भी प्राप्त की जाएगी।इस अवसर पर सहायक अस्पताल अधीक्षक डॉ. घनश्याम साहू, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे, हरिशंकर साहू, जिला सलाहकार अनुपम मिश्रा, सेक्टर सुपरवाइजर दीपक तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!