कलेक्टर ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, जून तक पूर्ण करने के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए है कि किसी भी स्थिति में मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य आगामी जून माह तक पूर्ण किया जाए।इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेडिकल कॉलेज भवन का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने परिसर में निर्माणाधीन विभिन्न घटकों में मेडिकल कॉलेज भवन, डॉक्टर एवं स्टाफ क्वार्टर, गर्ल्स एवं बॉयज़ हॉस्टल, प्रशासनिक कार्यालय तथा फैकल्टी कार्यालय का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण एजेंसी को पर्याप्त श्रमिकों और आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि कार्य निर्धारित समय में पूर्ण हो सके।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत खरोरा की सरपंच वीणा चंद्राकर ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर से अप्रोच रोड निर्माण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि उक्त कार्य को शासन स्तर पर शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों एवं आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. बसंत माहेश्वरी, एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता, सब इंजीनियर लेखराज, साइट इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निर्माण कार्य से संबंधित एजेंसियों में एम/एस कल्याण टोल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड तथा ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड के प्रतिनिधि रूपेश बसेना एवं आशीष कुमार साहू भी मौजूद रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!