विकास नंद/ सर्वव्यापी/

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
इस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9926545105 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।इस व्यवस्था के लिए सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विकासखंड स्तर पर राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली विकासखंडों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग करेगी।गठित टीम द्वारा घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति व्यवस्था की सतत समीक्षा की जाएगी। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग या किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर विनय लंगेह ने निर्देशित किया है कि संबंधित अधिकारी साप्ताहिक प्रतिवेदन जिला कार्यालय (खाद्य शाखा) को अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें, ताकि व्यवस्था की निरंतर समीक्षा की जा सके।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।