राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के स्‍वागत की तैयारियां जोरों पर…हिंदी विश्‍वविद्यालय में छठवें दीक्षांत समारोह का उत्‍साह।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के वर्धा में स्थित महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्‍य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उनके स्‍वागत की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। विश्‍वविद्यालय का छठवाँ दीक्षांत समारोह गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 11:25 बजे टैगोर सांस्‍कृतिक संकुल के निराला प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाला है, जिसमें माननीय राष्‍ट्रपति एवं विश्‍वविद्यालय की कुलाध्‍यक्ष द्रौपदी मुर्मु मुख्‍य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी एवं दीक्षांत भाषण देंगी। दीक्षांत समारोह में विशिष्‍ट अतिथि के रूप में महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल जिष्‍णु देव वर्मा, महाराष्‍ट्र के राजस्‍व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, महाराष्‍ट्र के शिक्षा राज्‍यमंत्री एवं वर्धा जिले के पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर, कार्य परिषद के सदस्‍य प्रो. सुरेंद्र दुबे उपस्थित रहेंगे। समारोह में विश्‍वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा दीक्षांत उपदेश देंगी।विश्‍वविद्यालय के इतिहास में दीक्षांत समारोह के लिए पहली बार राष्‍ट्रपति पधार रही हैं। दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को स्‍वर्ण पदक एवं अन्‍य सम्‍मान व पुरस्‍कारों से सम्‍मानित किया जाएगा। विश्‍वविद्यालय में दूसरी बार राष्‍ट्रपति का आगमन हो रहा है। इसके पूर्व सन 2007 में तत्‍कालीन राष्‍ट्रपति ए.पी.जे. अब्‍दुल कलाम आए थे। उन्‍होंने विश्‍वविद्यालय के दूर शिक्षा निदेशालय का उद्घाटन किया था। विश्‍वविद्यालय में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के स्‍वागत की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्‍यवस्‍था से संबंधित आवश्‍यक तैयारियां की जा रही हैं। विश्‍वविद्यालय में राष्‍ट्रपति मुर्मु के आगमन को लेकर खासा उत्‍साह दिखायी दे रहा है।दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए विश्‍वविद्यालय ने विभिन्‍न समितियां गठित की हैं और स‍भी समितियां सक्रियता से काम कर रही हैं। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने आयोजन से संबंधित समन्‍वय समिति, स्‍वागत समिति, उपाधि एवं प्रमाणपत्र वितरण समिति, मीडिया समिति तथा यातायात व अन्‍य समितियों के साथ बैठक कर आयोजन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!