तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

राजनांदगांव जिला पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना डोंगरगढ़ में पदस्थ उप निरीक्षक रोहित खूंटे और आरक्षक क्रमांक 1560 लक्ष्मीशंकर कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।कार्यालय पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला राजनांदगांव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जांच में पाया गया कि ड्यूटी के दौरान उन्होंने निर्धारित वर्दी नहीं पहनी थी और उनका आचरण अशोभनीय रहा, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई।इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तत्काल प्रभाव से दोनों को निलंबित कर रक्षित केंद्र, राजनांदगांव से संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबित कर्मी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे और उन्हें नियमानुसार उपस्थित रहना होगा।वहीं, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर प्रस्तुत करें, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।