विकास नंद/ सर्वव्यापी
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आमजन को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है।अग्निशमन सेवा सप्ताह के प्रथम दिवस 14 अप्रैल को नगर सेना कार्यालय महासमुंद से ग्राम बेमचा तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में अग्नि सुरक्षा से जुड़े बैनर और पाम्पलेट के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस रैली में 20 महिला एवं 40 पुरुष नगर सैनिकों सहित कुल 60 जवानों ने भाग लिया।द्वितीय दिवस पर केन्द्रीय विद्यालय महासमुंद में अग्निशमन दल द्वारा फायर लाइव डेमोंस्ट्रेशन (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया गया। इस दौरान आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव, सावधानियां और आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 अप्रैल को महर्षि विद्या मंदिर में लाइव डेमो, 18 अप्रैल को सोहम हॉस्पिटल में डेमोंस्ट्रेशन, 19 अप्रैल को नगर सेना कार्यालय में आग पर काबू पाने की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन तथा 20 अप्रैल को सप्ताह भर के कार्यक्रमों की समीक्षा एवं समापन किया जाएगा।इस पूरे आयोजन का उद्देश्य आमजन को जागरूक कर संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम करना और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।