तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कार्यालयीन कार्यों में गंभीर लापरवाही और शिकायतों के आधार पर की गई है।जानकारी के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 को एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था, जिसमें मंडल के कार्यों में देरी और अनियमितता का आरोप लगाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए 18 अप्रैल को जांच शुरू की गई।जांच के दौरान बिलासपुर क्षेत्र के एक आवास प्रकरण में गंभीर खामियां सामने आईं। दस्तावेजों से स्पष्ट हुआ कि आवश्यक कार्रवाई समय पर नहीं की गई और फाइलों को लंबित रखा गया। नोटिस जारी होने के बावजूद संबंधित पक्ष को सूचना समय पर नहीं पहुंचाई गई, जिससे मामला अनावश्यक रूप से अटका रहा।प्राथमिक जांच में यह भी पाया गया कि फाइल को जानबूझकर दबाकर रखा गया और नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई। इसे प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए मंडल ने सख्त कदम उठाया।इसी के तहत प्रभारी संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे और वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित मंडल कार्यालय निर्धारित किया गया है।इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मंडल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कार्य में लापरवाही और शिकायतों को नजरअंदाज करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।