आकाशवाणी से प्रसारित होगा “डॉक्टर के सलाह” कार्यक्रम, स्त्रियों में बढ़ते कैंसर पर देंगी जानकारी डॉ. आकांक्षा साहू।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित आकाशवाणी रायपुर से आगामी 28 अप्रैल 2026, मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम “डॉक्टर के सलाह” का प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. आकांक्षा साहू महिलाओं में बढ़ते कैंसर, उसके कारण और निवारण पर विस्तार से जानकारी देंगी। यह प्रसारण एमडब्ल्यू 981 KHZ, एफएम 101.6 MHZ तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से भी सुना जा सकेगा।कार्यक्रम के अंतर्गत “घर आंगन” श्रृंखला में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और टीकाकरण पर जोर रहेगा।डॉ. आकांक्षा साहू राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न चिकित्सा सम्मेलनों में सक्रिय सहभागिता निभा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में हैदराबाद, 2024 में पांडिचेरी (जिपमर) तथा 2025 में भुवनेश्वर सहित रायपुर में आयोजित सम्मेलनों में सर्वाइकल कैंसर एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान दिए हैं। अपने संबोधनों में उन्होंने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को अनिवार्य बताते हुए जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया है।उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को बढ़ावा देने के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने महिलाओं से नियमित रूप से सेनेटरी पैड के उपयोग की अपील करते हुए सरकार से इसे मुफ्त उपलब्ध कराने की मांग भी की है।डॉ. साहू समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वे जशपुर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, भाटापारा, बेमेतरा और बलौदाबाजार सहित कई जिलों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा जागरूकता के लिए शिविर आयोजित कर चुकी हैं। इन शिविरों में निःशुल्क दवाइयों, चश्मा, वॉकर आदि का वितरण कर हजारों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी वे लगातार स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करती रहती हैं।जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2026 में “नई दुनिया नायिका सम्मान” सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही वे नशा मुक्ति अभियान “नशा ही नाश का जड़ है” के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य भी कर रही हैं।आकाशवाणी रायपुर का यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!