विकास नंद/ सर्वव्यापी
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) को सफल बनाने के लिए सरायपाली तहसील क्षेत्र में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को तहसील अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को जनगणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्राम सभाओं में जनगणना सुपरवाइजरों द्वारा स्वगणना की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही आगामी 01 मई 2026 से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण कार्य के तहत पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों को भी सरल भाषा में समझाया गया।ग्राम पंचायत घाटकछार में आयोजित ग्राम सभा में तहसीलदार सरायपाली एवं चार्ज जनगणना अधिकारी श्रीधर पंडा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए ग्रामीणों को सही एवं सटीक जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।