रायगढ़ जिले में हाल ही में घटी एक निंदनीय घटना ने धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि रायगढ़ निवासी एक व्यक्ति द्वारा सनातन धर्म और संत-महात्माओं के प्रति लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं, जो एक गंभीर विवाद का कारण बन गईं।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब पूज्य गुरुदेव पंडित अजय उपाध्याय जी महाराज, जो धार्मिक अनुष्ठान के लिए रायगढ़ आए हुए थे, उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने न केवल अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, बल्कि जान से मारने जैसी गंभीर धमकी भी दी, जिससे संत-समाज और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त हो गया।
इस मामले को लेकर पेंडरुवां धाम पहाड़ मंदिर से जुड़े समाजसेवी रविकांत द्विवेदी ने प्रशासन और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई, तो सामाजिक सौहार्द और धार्मिक समरसता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।घटना के बाद स्थानीय नागरिकों, संत-समाज और धर्मप्रेमियों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि किसी भी धर्म या उसके पूजनीय व्यक्तित्व के प्रति अपमानजनक व्यवहार न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है।इधर, प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति और संयम बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।