विकास नंद/ सर्वव्यापी
सुशासन तिहार के दौरान जशपुर जिले के प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम भैंसामुड़ा में एक भावुक और प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। विकासखंड पत्थलगांव के इस दूरस्थ गांव में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों का औचक निरीक्षण किया।गांव से गुजरते समय उनकी नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी। वे तुरंत वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने न केवल गुणवत्ता जांची, बल्कि श्रमिकों से आत्मीय संवाद कर उनके परिश्रम की सराहना की।मुख्यमंत्री की सादगी और संवेदनशीलता तब और स्पष्ट हुई, जब उन्होंने खुद करणी उठाकर सीमेंट-गारा से ईंट जोड़ते हुए श्रमदान किया। मुख्यमंत्री को अपने हाथों से काम करते देख ग्रामीण भावुक हो उठे। यह दृश्य जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश बन गया।हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने आभार जताते हुए कहा कि उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए उन्हें पक्का घर मिल रहा है, जिससे उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिलेगा।मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी चर्चा की और उनकी आजीविका, मजदूरी तथा पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।इस मौके पर पत्थलगांव क्षेत्र की विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की यह पहल ग्रामीणों के बीच शासन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करने वाली साबित हुई।