विकास नंद/ सर्वव्यापी
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।इसी क्रम में अपर कलेक्टर सचिन भुतड़ा ने जिले के विभिन्न चार्जों का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं जनगणना निदेशालय से सहायक संचालक मनोज कुमार महिलांगे और सहायक सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार साहू द्वारा भी लगातार फील्ड में पहुंचकर प्रगणकों को तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। अधिकारी घर-घर जाकर भवन गणना कार्य का निरीक्षण भी कर रहे हैं।जिले में कुल 1992 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (HLBs) निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 1561 ब्लॉकों में कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 03 ब्लॉकों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पूर्ण कार्यों में महासमुंद तहसील के ग्रामीण चार्ज का HLB-48 (जलकी), पिथौरा ग्रामीण चार्ज का HLB-249 (कारीडोंगर) तथा नगर चार्ज पिथौरा के एक वार्ड का कार्य शामिल है।प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।