विकास नंद/ सर्वव्यापी

प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत सिंघनपुर में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण के साथ विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किए गए। शिविर में जनप्रतिनिधियों, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, प्राप्त आवेदनों तथा उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।समाधान शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्रियों का वितरण भी किया गया।