विकास नंद/सर्वव्यापी
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में सोमवार को कलेक्टर विनय लंगेह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वनाधिकार से संबंधित विभिन्न दावों और प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में उपखंड स्तरीय समितियों पिथौरा एवं बागबाहरा से प्राप्त 54 व्यक्तिगत वनाधिकार दावों, 5 सामुदायिक वनाधिकार दावों, 2 सामुदायिक वनाधिकार संसाधन प्रकरणों तथा 2 अन्य मामलों की समीक्षा की गई। समिति ने उपखंड स्तरीय समितियों द्वारा अपात्र अनुशंसित 9 दावों को अंतिम रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया।समीक्षा के दौरान अधिकांश प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर समिति ने उन्हें पुनः परीक्षण के लिए भेजते हुए आगामी बैठक में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। समिति ने संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों का समुचित परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों के मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिला वनाधिकार समिति सदस्य मोंगरा किशन पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं समिति सदस्य भीखम सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य एवं समिति सदस्य जगमोती भोई सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।दावों का परीक्षण सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं जिला वनाधिकार समिति के सदस्य सचिव द्वारा किया गया तथा परीक्षण उपरांत प्रकरणों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बैठक में वनाधिकार दावों के निष्पक्ष और पारदर्शी निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।