सुशासन तिहार के आवेदनों का तेजी से निराकरण करें, आमजन का विश्वास बढ़ाएं : संजय।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों, शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, वृक्षारोपण एवं विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से निपटारा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले के 32 विभागों द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया के दौरान संबंधित आवेदकों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो। बैठक में जिले में हाल के दिनों में बढ़ी अग्नि दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने इसके कारणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत भार का उपयोग तथा पुरानी वायरिंग आगजनी की घटनाओं के प्रमुख कारण बन रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमित साप्ताहिक पेशियां लगाकर त्वरित निर्णय सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के संबंध में उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल का अवलोकन करने तथा शिकायतों का समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर प्रकरण स्वतः उच्च स्तर पर पहुंच जाएंगे, जिससे विभागीय जवाबदेही प्रभावित होगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए नगरीय निकायों एवं बड़े ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों में प्रस्तावित भर्तियों के संबंध में कहा कि आवेदन प्रक्रिया को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाए तथा भर्ती संबंधी कार्यवाही छह माह के भीतर पूर्ण करने का प्रयास किया जाए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खाद एवं बीज का भंडारण तथा वितरण पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हुआ है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी सेवा सहकारी समिति में खाद-बीज की कमी नहीं होनी चाहिए तथा नकली खाद एवं बीज के विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जाए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने 16 जून से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर जिला स्तरीय प्रवेश उत्सव की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, वहां विशेष रूप से प्रवेश उत्सव आयोजित कर शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के प्रयास किए जाएं। स्कूल एवं छात्रावास परिसरों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सत्र प्रारंभ होने से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जर्जर स्कूल भवनों को चिन्हित कर उनमें कक्षाएं संचालित नहीं करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी जुलाई माह में प्रस्तावित व्यापक वृक्षारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा लगभग ढाई लाख तथा वन विभाग द्वारा नौ लाख पौधे तैयार किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण की अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंजेक्शन वेल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन औद्योगिक इकाइयों द्वारा निर्धारित कार्य प्रारंभ नहीं किए गए हैं, उन्हें आवश्यक कार्रवाई हेतु चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!